
Chatra : लावालोंग प्रखंड के कोलकोले पंचायत के पंचायत सचिवालय में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल तथा सराहनीय कार्य तहत नई लाइब्रेरी ( महात्मा गाँधी पुस्तकालय) का उद्घाटन किया गया।समारोह का शुभारंभ कोलकोले पंचायत के मुखिया राजेश साहू तथा पंचायत सचिव विनय कुमार चौधरी के संयुक्त रूप से तथा कुशल नेतृत्व में फीता काटकर किया।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने शिक्षा के क्षेत्र में पंचायत स्तर पर उठाए जा रहे इस कदम की सराहना की।उद्घाटन कार्यक्रम में उपमुखिया नौशाद आलम, पीएसएस अर्जुन यादव,रंजीत साहु समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।सभी ने मिलकर पुस्तकालय की उपयोगिता और इससे होने वाले सकारात्मक प्रभावों पर चर्चा की।पंचायत सचिवालय में स्थापित यह पुस्तकालय छात्रों, युवाओं तथा आम लोगों के लिए ज्ञान का एक नया केंद्र बनेगा। यहां विभिन्न विषयों पर किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी,जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को भी काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।मुखिया राजेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए इस प्रकार की पहल बेहद आवश्यक है।पुस्तकालय न केवल विद्यार्थियों को अध्ययन का अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा, बल्कि समाज में पढ़ने की संस्कृति को भी बढ़ावा देगा।वहीं पंचायत सचिव विनय कुमार चौधरी ने बताया कि आगे चलकर पुस्तकालय को और विस्तारित किया जाएगा तथा नई पुस्तकों की संख्या बढ़ाई जाएगी।स्थानीय ग्रामीणों ने पुस्तकालय के उद्घाटन का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल कोलकोले पंचायत के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है।इससे क्षेत्र के छात्रों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें बेहतर संसाधन अपने ही पंचायत सचिवालय में उपलब्ध होंगे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
