
Chatra : जिला प्रशासन चतरा एवं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के संयुक्त तत्वावधान में आज समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में CBRN अर्थात केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर आपदा प्रबंधन पर आधारित एक टेबल टॉप एक्सरसाइज़ का सफल आयोजन किया गया। यह अभ्यास जिले में संभावित CBRN आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा आपदा प्रबंधन की प्रभावशीलता के मूल्यांकन के उद्देश्य से किया गया।अभ्यास का संचालन 9 बटालियन एनडीआरएफ टीम (गृह मंत्रालय, भारत सरकार) इंस्पेक्टर सूरज कुमार द्वारा प्रजेंटेशन दिया गया, डिप्टी कमांडेंट विनय के नेतृत्व में यह टेबल टॉक एक्सरसाइज पर चर्चा की गई तथा उपायुक्त श्रीमती कीर्तिश्री जी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम के पर्यवेक्षण में पूरा हुआ। प्रशिक्षण के दौरान आपदा की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर राहत एवं बचाव कार्य, प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा, संसाधनों की उपलब्धता, संचार प्रणाली की कार्यकुशलता एवं त्वरित निर्णय प्रक्रिया की व्यापक समीक्षा की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन चतरा डॉक्टर जगदीश प्रसाद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीतू सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा, सीआईएसएफ, एनटीपीसी, जिला प्रशासन एवं एनडीआरएफ से जुड़े 56 से अधिक अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अभ्यास के क्रम में सभी सहभागी संस्थाओं को CBRN आपदा के दौरान अनुपालित किए जाने वाले मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तथा प्रत्येक एजेंसी की जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
अभ्यास के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम ने संबोधित करते हुए कहा कि CBRN आपदाएँ अत्यंत संवेदनशील एवं गंभीर प्रकृति की होती हैं, अतः इनके प्रभाव को कम करने के लिए सभी विभागों के मध्य उच्च स्तरीय समन्वय, निरंतर प्रशिक्षण एवं तत्परता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास जिले के आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सुदृढ़, सक्षम एवं प्रतिसादक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।चतरा जिला प्रशासन भविष्य में भी इस प्रकार के संयुक्त अभ्यासों के माध्यम से आपदा प्रबंधन संरचना को निरंतर बेहतर बनाने एवं जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
