

चतरा। चतरा सदर थाना मैदान के सामने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन रविवार को केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री फागू बेसरा और केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह हजारीबाग जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार आज जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसमें पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की दिशा में कदम उठाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि सरकार की सभी योजनाओं को कार्यकर्ताओं के माध्यम से निचले स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। पांडेय ने यह भी कहा कि जिला कार्यालय के खुलने से संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा। कार्यालय संचालन के लिए आवश्यक संसाधनों और फंड की व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से की जाएगी।कार्यक्रम स्थल पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।