
रांची. झारखंड पुलिस के डीजीपी अनुराग गुप्ता के स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन को राज्य सरकार ने स्वीकार कर लिया है. इसके साथ ही 1994 बैच की झारखंड कैडर की आइपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा को राज्य का प्रभारी डीजीपी नियुक्त किया गया है. यह झारखंड के इतिहास में पहली बार है जब किसी महिला आइपीएस अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी गयी है. तदाशा मिश्रा को राज्य सरकार के अगले आदेश तक प्रभारी डीजीपी का दायित्व सौंपा गया है. उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 तक रहेगा. इससे पहले वे गृह विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं. उल्लेखनीय है कि श्रीमति मिश्रा से पहले डीजी रैंक में तीन सीनियर अफसर हैं. इनमें 1990 बैच के अनिल पालटा, 1992 बैच के प्रशांत सिंह और 1993 बैच के एमएस भाटिया शामिल हैं. वहीं गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, अनुराग गुप्ता को छह नवंबर 2025 से सेवानिवृत्त मानते हुए उन्हें सेवानिवृत्ति उपरांत सभी लाभ प्रदान किये जायेंगे.
रांची की सिटी एसपी रह चुकी हैं तदाशा मिश्रा
मूल रूप से ओडिशा की रहनेवाली तदाशा मिश्रा रांची की सिटी एसपी रह चुकी हैं और डीजीपी गौरी शंकर रथ के कार्यकाल में पुलिस मुख्यालय में डीआइजी (कार्मिक) के पद पर तैनात थीं. इसके अलावा उन्होंने एडीजी (जैप) और गृह विभाग में विशेष सचिव के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभायी हैं.
