
चतरा : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 4 जनवरी से शुरू हो रहे वॉलीबॉल महाकुंभ में भाग लेने झारखंड ओलंपिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष व वॉलीबॉल संघ के मुख्य संरक्षक शेखर बोस अपनी टीम संग शनिवार को चतरा पहुंचे। जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों ने बुके भेंटकर उनका भव्य स्वागत किया।टीम में राज्य वॉलीबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, सचिव उत्तम राज तथा अंतरराष्ट्रीय कोच व वर्किंग सेक्रेटरी संजय कुमार शामिल थे। चतरा पहुंचते ही जिला ओलंपिक संघ व वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारियों संग महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों के सर्वांगीण विकास व मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई।मौके पर जिला ओलंपिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रेश शर्मा, सचिव राकेश कुमार सिंह, वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष व कोच मो शाहबान, वेटलिफ्टिंग संघ के कोषाध्यक्ष निशांत जायसवाल समेत कई खिलाड़ी उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने खेलो को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
वाराणसी महाकुंभ का रोमांच: 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप 4 से 11 जनवरी तक वाराणसी में आयोजित हो रही है। देशभर से 1250 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जो खेलप्रेमियों के लिए बड़ा अवसर साबित होगा।
