
Chatra : लावालोंग थाना क्षेत्र के कटिया पंचायत स्थित कर्मा गांव में सोमवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया।चोरों ने दरवाजे की कुंडी और ताले तोड़कर घर में घुसते हुए जेवरात,नकदी और बर्तन समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के प्रखंड क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। पीड़िता बसंती देवी के छोटे पुत्र वीरेंद्र यादव ने बताया कि वे चतरा में रहते हैं और उनकी मां वहीं गई हुई थीं।गांव स्थित पुराना मकान बंद था।रात के अंधेरे में चोरों ने तीन दरवाजों के ताले तोड़ते हुए घर के सबसे अंदरूनी कमरे तक प्रवेश किया। वहां से स्व0 पिता के समय से धरोहर के रूप में रखे गए सोने-चांदी के जेवरात, जिसमें मां का गले का हंसुली, हाथ और पैर की बालियां समेत करीब डेढ़ किलो चांदी,लगभग 150 ग्राम सोना,12 हजार रुपये नगद तथा कांसा और पीतल के बर्तन चोरी कर लिए गए।घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला।इसी रात चोरों ने गांव के ही बिंदु यादव के घर का भी ताला तोड़ा।इसके बाद मुरारी यादव के घर जाकर बाहर से दरवाजे की कुंडी लगा दी।आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए और शोर मचाने लगे।हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे के साथ पहुंचे, जिन्हें देख चोर मौके से भाग निकले।वहीं पारामातु गांव निवासी महिला मोर्चा प्रखण्ड अध्यक्ष सह मुखिया प्रत्याशी प्रतिमा देवी ने बताया कि रात करीब आठ बजे चार युवक उनके घर में घुस आए। उनका पुत्र घर में था,जिसने चिल्लाना शुरू किया तो एक युवक ने कुदाल से उस पर वार कर दिया।किसी तरह बेटे को खींचकर बचाया गया।शोर मचाने पर चारों आरोपी भाग खड़े हुए। खबर लिखे जाने तक बसंती देवी ने थाना पहुंचकर मामला दर्ज नहीं कराया था वही प्रतिमा देवी ने थाना पहुंचकर अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कराया है।लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
