
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के हफुआ सोनपुर चौक के पास बीते गुरुवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय रिया कुमारी की मौत हो गई,जबकि चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनो को सौंप दिया है। वहीं ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग कर रहे है। अभी तक सड़क जाम हटाया नहीं जा सका था। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए कानून व्यवस्था के मद्देनजर सदर थाना प्रभारी बिपिन कुमार और अंचल अधिकारी अनिल कुमार घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। संकलन न्यूज से बात करते हुए अंचल अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम हाईवा के धक्के से एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं चार लोग घायल हो गए थे। घटना को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है। दोनों पक्षों की वार्ता के प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही कोई हल निकल जाएगा। दूसरी ओर घटनास्थल पर पहुंचे टंडवा कांग्रेस नेता सह समाजसेवी सुभाष दास ने बताया कि टंडवा कोयलांचल से प्रत्येक दिन बेलगाम हाइवा कोयला और फ्लाई ऐश का परिवहन करते हैं। इससे रोजाना कई लोगों की मौत हो रही है। उन्होंने सीसीएल और एनटीपीसी पर निशाना साधते हुए मुआवजा की मांग का समर्थन किया। उन्होंने मृतक के परिजनों को 35 लाख रु मुआवजा और घायलों को समुचित इलाज की मांग रखी। कहा कि एनटीपीसी टंडवा से फ्लाई ऐश की ढुलाई कर रही बीकेबी कंपनी क हाइवा ने घटना को अंजाम दिया है। बताया कि एक दिन पहले घटना घटी है,परंतु एनटीपीसी प्रशाशन किसी प्रकार का पहल नहीं कर रही है। श्री दास ने कहा कि हाइवा की रफ्तार पर लगाम नहीं लगाई गई तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा।।बताते चलें कि हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के जोरदाग गांव के पांच लोग इटखोरी बहु-भात कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे खाली हाइवा ने उनकी चारपहिया गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
