
Chatra। एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की प्रगति को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने आज अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परियोजना का दौरा कर तकनीकी व प्रशासनिक पहलुओं का जायजा लिया।परियोजना अधिकारियों ने उपायुक्त को संक्षिप्त प्रस्तुति दी, जिसमें वर्तमान प्रगति, संचालन व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से जानकारी साझा की गई। इसके बाद उपायुक्त ने संयंत्र के ऑपरेशंस कंट्रोल रूम, एयर कूल्ड कंडेंसर (एसीसी) तथा रिजर्वॉयर क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया।परियोजना प्रमुख आलोक कुमार त्रिपाठी (एचओपी) ने उपायुक्त का स्वागत किया। उनके साथ महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) अजय केरलकर, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट) दीपक कुमार दलेई, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) नीरज रॉय तथा अपर महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं) जुनैद जावैद मौजूद थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने संयंत्र की कार्यप्रणाली, सुरक्षा उपायों और परिचालन पर विस्तृत जानकारी दी।
