
चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के बीच आज तड़के जोरदार मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में राहुल सिंह का राइट हैंड जुबैर अंसारी को गोली लगने की सूचना है।इस बाबत घटना की जानकारी देते हुए चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि घटना कारो मैदान के नजदीक हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सुचना मिली थी कि अपराधी राहुल सिंह गिरोह के लोग पिपरवार थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में लगे हैं। सूचना के उपरांत पुलिस ने नाकाबंदी अभियान चलाया। इसी क्रम में एक मोटरसाइकिल पर सवार राहुल कुमार सिंह के गिरोह के अपराधी पुलिस को देखते ही गोली चलाकर भागने लगे।पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इसमें एक अपराधी जुबैर अंसारी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं घायल जुबेर अंसारी को रांची के रिम्स में इलाज कराया जा रहा है,इस अपराधी पर 13 मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि उक्त गिरोह चतरा जिले के अलावा रामगढ़, हजारीबाग और लातेहार में सक्रिय है और कोयला व्यवसाई से लेवी वसूली का काम करता है। कहा कि चतरा पुलिस के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है।
