
Chatra : लावालौग प्रखण्ड में आजादी के 78 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद लावालौंग प्रखंड के मजडीहा गांव में आखिरकार बिजली पहुंच गई।वर्षों से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर ग्रामीणों के लिए यह दिन ऐतिहासिक बन गया।सिमरिया विधायक उज्जवल कुमार दास ने गांव में स्थापित ट्रांसफार्मर का फीता काटकर व स्विच ऑन कर विधिवत उद्घाटन किया। मौके पर उनके साथ पंचायत की मुखिया सुगी देवी भी उपस्थित थीं।जैसे ही बिजली बहाल हुई,पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक उज्जवल कुमार दास ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने मजडीहा गांव के लोगों से वादा किया था कि वह दोबारा इस गांव में बिजली का स्विच दबाने ही आएंगे।उन्होंने कहा कि आज वह अपने उस वादे को पूरा करने आए हैं। मुखिया सुगी देवी ने कहा कि बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई,किसानों की सिंचाई,छोटे व्यवसाय और ग्रामीण जीवन को नई दिशा मिलेगी।विधायक ने इस मौके पर एक और बड़ा आश्वासन देते हुए कहा कि जब वह अगली बार इस क्षेत्र में आएंगे,तब लावालौंग से पलामू जाने वाली सड़क निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत हो चुकी होगी।उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना उनका संकल्प है।इसके बाद विधायक उज्जवल कुमार दास ने प्रखंड मुख्यालय स्थित राम मंदिर,बांदु गांव के शिव मंदिर तथा लमटा पंचायत में एक मंदिर परिसर के समीप हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन किया।हाई मास्ट लाइट लगने से इन धार्मिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में रात्रि के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी,जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।इस अवसर पर नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू,मुखिया संघ अध्यक्ष राजेश कुमार साहु, लमटा पंचायत के मुखिया अमित कुमार चौबे, भाजपा नेता उपेंद्र सिंह,भोला प्रसाद,पवन प्रसाद,विवेक केशरी, विनोद प्रसाद आर्य,सांसद प्रतिनिधि गोविन्द ठाकुर, बैजनाथ साव मुखिया पति जगदीश यादव,पवन सिंह,रणधीर सिंह सहित हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति शुरू होने पर विधायक के प्रति आभार जताया और इसे गांव के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
रिपोर्टर मो0 साजिद
