
हजारीबाग | बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने के कथित मामले को लेकर झारखंड के हजारीबाग में तीखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस घटना के खिलाफ ख़िदमत ए ख़ल्क कमिटी के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर आक्रोश जताया।
हजारीबाग के जमा मस्जिद से जुमे की नमाज़ के बाद प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लेकर झंडा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका और जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘नीतीश कुमार मुर्दाबाद’ और ‘मुस्लिम महिलाओं का अपमान बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 15 दिसंबर को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब हटा दिया, जो महिला की गरिमा, धार्मिक आस्था और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है। उनका कहना है कि यह घटना अल्पसंख्यक समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।
आक्रोशित लोगों ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में आपसी सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में संवेदनशीलता नहीं दिखाई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
