
चतरा : जिले की सिमरिया थाना पुलिस ने रातों-रात अमीर बनने के सपने देखने वाले ड्रग पेडलरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। निजी गाड़ी में एंटी क्राइम ऑर्गेनाइजेशन के प्रेसिडेंट का बोर्ड लगाकर प्रतिबंधित ब्राउन सुगर की तस्करी करने वाले तथाकथित शिक्षक और उसके दो सहयोगियों को पकड़कर माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। साथ ही पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हुंडई i20 कार, करीब पचास लाख रुपये का 568 ग्राम ब्राउन शुगर व चितकबरा वर्दी भी बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों में सदर थाना क्षेत्र के मोकतमा गांव निवासी निजी स्कूल संचालक मास्टरमाइंड मो. नेसार अंसारी, राजपुर थाना क्षेत्र के कान्हाचट्टी निवासी मो. रेहान और चिरीदीरी गांव निवासी पंकज दांगी शामिल है। पुलिस ने उनके पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक हुंडई कार, केमोफलाईज वर्दी और विभिन्न कंपनियों का तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार केसरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विकास पांडेय को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरिया-बगरा रोड से कार सवार तस्कर ब्राउन शुगर की तस्करी करने जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में सिमरिया थाना प्रभारी व सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम का गठन कर अभियान चलाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद स्पेशल टीम ने सूचना के अनुरूप बगरा-सिमरिया मुख्यपथ की घेराबंदी कर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बजराही मोड़ के समीप हुंडई i20 कार को रोककर उसकी तलाश ली गई। तलाशी के दौरान सीट के नीचे से करीब पचास लाख रुपये का 568 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर बरामद किया गया। साथ ही कार में सवार तथाकथित शिक्षक मो.नेसार समेत तीन तस्करों को भी सुरक्षाबलों ने धर दबोचा। एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड नेसार अपने दो अन्य सहयोगी तस्करों के साथ मिलकर बाजार से गैरकानूनी तरीके से पुलिस की चितकबरा वर्दी खरीदकर उसका दुरुपयोग तस्करी में करते थे। उन्होंने बताया कि ये तीनों मिलकर ब्राउन शुगर का सैंपल दिखलाकर अन्य तस्करों से मोटी रकम की लूट करते थे और बाद में खुद को पुलिस बताकर वर्दी का भय दिखाकर ब्राउन सुगर खरीदने वाले तस्करों को मौके से भगा देते थे। गिरफ्तार नेसार खुद को मोमिन कॉन्फ्रेंस का भी नेता बताता था। इतना ही नहीं इसके पूर्व भी वह अपने गांव की ही एक युवती से छेड़छाड़ के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। इसके अलावा उसके ऊपर पूर्व में कई अन्य संगीन आरोप भी लग चुके हैं। जिसमे पुलिस उसके विरुद्ध कार्रवाई कर चुकी है। छापामारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार व एसआई सुनील कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
