
चतरा जिला मुख्यालय स्थित डीएमएफटी हॉल में शुक्रवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवकार्य विभाग, झारखंड सरकार, रांची के तत्वावधान में आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव के अंतर्गत भाषण, सामूहिक लोक गीत, सामूहिक लोक नृत्य, कविता लेखन एवं चित्रकला—कुल पाँच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में ज्योति तिर्की ने प्रथम, एमडी मासूम ने द्वितीय तथा राजनंदिनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोक गीत प्रतियोगिता में शिवानी एंड ग्रुप प्रथम, नेहा एंड ग्रुप द्वितीय एवं अनिशा एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे।सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता में नेहा एंड ग्रुप को प्रथम, खुशबू एंड ग्रुप को द्वितीय तथा सिमरन साह एंड ग्रुप को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कविता लेखन प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी प्रथम, अभिज्ञान गुप्ता द्वितीय एवं नंदिनी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने प्रथम, दीपक कुमार केशरी ने द्वितीय तथा सोनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम, एनएसएस पदाधिकारी, नेहरू युवा केंद्र के कर्मी तथा जिला खेल कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु जिले के 15 शिक्षक निर्णायक के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम के समापन पर बताया गया कि सभी पाँच प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी आगामी 22 दिसंबर 2025 को हजारीबाग में आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में चतरा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय इस आयोजन से युवाओं में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहन मिला।
