
Chatra : समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शनिवार को उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 43 लाभुकों को योजना से लाभान्वित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। स्वीकृत लाभुकों में पिछड़ा वर्ग के 24, अनुसूचित जाति के 11 एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के 08 लाभुक शामिल हैं। प्रखंडवार प्रस्तावों पर विचार किए जाने के उपरांत सर्वाधिक 20 लाभुक चतरा प्रखंड से चयनित हुए। इसके अतिरिक्त हंटरगंज से 9, लावालौंग से 5, गिद्धौर से 2, कान्हाचट्टी से 2 तथा इटखोरी, प्रतापपुर, पत्थलगड्डा, सिमरिया एवं टंडवा प्रखंड से एक-एक लाभुक के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।योजना के अंतर्गत बीमारी के इलाज उपरांत लाभुकों को अतिरिक्त पोषक आहार हेतु राशि उनके बैंक खाते में सीधे अंतरित की जाती है। निर्धारित प्रावधान के अनुसार, 18 वर्ष से कम आयु के लाभुक को यदि 7 दिनों से कम अवधि के लिए अस्पताल में भर्ती रहना पड़ता है तो 1,500 रुपये तथा 7 दिनों से अधिक भर्ती रहने पर 2,500 रुपये प्रदान किए जाते हैं। वहीं, 18 वर्ष से अधिक आयु के वयस्क लाभुक को क्रमशः 3,000 रुपये एवं 5,000 रुपये की राशि दी जाती है। कैंसर पीड़ित लाभुकों के लिए विशेष रूप से 18 वर्ष से कम आयु वाले को 15,000 रुपये तथा वयस्कों को 25,000 रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, सिविल सर्जन चतरा डॉ. जगदीश प्रसाद, चतरा विधानसभा क्षेत्रों के विधायक प्रतिनिधि सौरभ अग्रवाल एवं सिमरिया-बड़कागांव विधानसभा क्षेत्रों के विधायक प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
