Recent Posts

newscraftrashtriya@gmail.com
Saturday, October 18, 2025
Chatra News

कुंदा प्रखंड में उपायुक्त कीर्तिश्री जी का दौरा, विभिन्न विकास योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों का किया निरीक्षण

Chatra : उपायुक्त कीर्तिश्री शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर कुंदा प्रखंड पहुँचीं। प्रखंड कार्यालय में आगमन के समय सखी मंडल की महिलाओं ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। उपायुक्त ने क्षेत्र का भ्रमण करते हुए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपने दौरे की शुरुआत में उपायुक्त महादेव मठ मंदिर पहुँचीं, जहाँ उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास चल रही योजनाओं का अवलोकन किया। उपायुक्त ने कहा कि महादेव मठ धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है, जिसे पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। ग्रामीणों ने मौके पर महादेव मठ परिसर में मनरेगा पार्क निर्माण और सीसीटीवी कैमरे की स्थापना की मांग रखी, जिस पर उपायुक्त ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। तत्पश्चात उपायुक्त ने ऐतिहासिक राजा किला का भी निरीक्षण किया और इसके संरक्षण एवं विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
इसके बाद उपायुक्त ने स्तरोन्नत प्लस टू उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया, जहाँ विद्यार्थियों के लिए आयोजित “प्रोजेक्ट रेल परीक्षा” (Regular Assessment for Improvement in Learning) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ज्ञात हो कि प्रोजेक्ट रेल परीक्षा एक नियमित मूल्यांकन प्रणाली है, जिसके अंतर्गत बच्चों की अध्ययन प्रगति का साप्ताहिक अथवा मासिक स्तर पर आकलन किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता को पहचानना और उनकी कमियों को दूर करना है। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली और उन्हें निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।

तत्पश्चात उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय वार्डेन ने बताया कि बरसात के दिनों में अधूरे भवन के कारण बच्चियों को पठन-पाठन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का अवलोकन कर शीघ्र ही भवन निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की बात कही और बच्चियों के बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त ने जेएसएलपीएस के सखी मंडल द्वारा संचालित टमाटर की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने मंडल की महिलाओं से संवाद कर उनकी आय में वृद्धि तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उपायुक्त ने कल्याणी सखी मंडल द्वारा संचालित बीसी संचालन केंद्र का भी निरीक्षण किया और इसकी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

दौरे के दौरान क्षेत्र के युवाओं ने उपायुक्त के समक्ष खेल मैदान की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से भूमि उपलब्ध न होने के कारण खेल मैदान निर्माण का कार्य लंबित है, जिससे युवाओं को खेलकूद के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। उपायुक्त ने इस मांग पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ चतरा जहुर आलम, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदा साकेत कुमार सिन्हा, अंचल अधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, प्रखंड प्रमुख कमला देवी, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, वार्ड सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Response