
चतरा जिला मुख्यालय स्थित चतरा कॉलेज परिसर में कार्यकारी एजेंसी भवन निर्माण निगम द्वारा निर्माणाधीन जिला पुस्तकालय भवन का आज उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला पुस्तकालय का निर्माण कार्य एक महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़ी योजना है, जिससे जिले के विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं आम नागरिकों को उच्च स्तरीय पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उपायुक्त ने कार्यकारी एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए और जल्द से जल्द पूर्ण कर विभाग को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा का पालन सुनिश्चित हो सके।
