
चतरा उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने देर शाम विनय भारती पार्क के पीछे स्थित तालाब का निरीक्षण कर वहां चल रहे गहरीकरण, सौंदर्यीकरण एवं मरम्मती कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि तालाब के गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए, ताकि वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिल सके तथा क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि हो। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आसपास की साफ-सफाई, संरचनात्मक मजबूती एवं भविष्य में तालाब के संरक्षण से संबंधित पहलुओं पर भी आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर संबंधित कार्यपालक अभियंता, जिला खेल पदाधिकारी श्री कैलाश राम, जिला नियोजन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
