
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत उटा मोड़ स्थित लक्ष्णपुर सड़क के किनारे सोमवार की रात एक 45 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भूपेंद्र कुमार यादव पिता स्व. बालदेव यादव के रूप में हुई है। मृतक के भतीजे टिंकू यादव ने बताया कि भूपेंद्र शराब का सेवन करते थे। कल शाम वह नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े थे, जिसे उठाकर टिंकू ने किनारे सुला दिया था। हालांकि, आधे घंटे बाद उन्हें चाचा की हत्या की सूचना मिली। टिंकू यादव ने आरोप लगाया कि उनके चाचा के सिर को पत्थर से कुचला गया है। उन्होंने आपसी दुश्मनी के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है, क्योंकि कुछ दिन पहले भूपेंद्र का किसी से नोकझोंक हुआ था। सदर थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि उन्हें सोमवार की रात करीब दस बजे एक व्यक्ति का शव होने की सुचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने शव को बरामद करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मामला जांच के दायरे में है और परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
