
चतरा। चतरा पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिले में महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस क्रम में आज सदर थाना प्रभारी पु0नि0-सह-थाना प्रभारी सदर, चतरा एवं महिला थाना प्रभारी, चतरा के संयुक्त नेतृत्व में सदर थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों व मुहल्लों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।टीम द्वारा शहादत चौक, बिंड मोहल्ला, केशरी चौक, गुदड़ी बाजार, रामनगर, पुराना पेट्रोल पंप चौक सहित आसपास के गली-मुहल्लों में महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, शोषण, दहेज प्रताड़ना, डायन प्रथा आदि के विरुद्ध सख्त कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही राज्य सम्पोषित बालिका उच्च विद्यालय, चतरा की छात्राओं के बीच भी विशेष सत्र आयोजित कर उन्हें अपने अधिकारों और कानूनी सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक किया गया।अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना पर तुरंत पुलिस की मदद लेने की अपील करते हुए पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक व संबंधित थाना प्रभारियों के मोबाइल नंबर महिलाओं व छात्राओं को उपलब्ध कराए। मौके पर डायल–112 की कार्यप्रणाली और इसका कैसे व कब उपयोग करना है, इसकी भी विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों पर विशेष जोर देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर उत्पीड़न, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी आईडी, ओटीपी फ्रॉड व डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रतिभागियों को सचेत किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर डायल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।जागरूकता अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं व छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और चतरा पुलिस की इस पहल की सराहना की। पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि महिला सुरक्षा, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन एवं साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
