
Chatra : लावालौंग में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में लावालौंग थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अफीम की खेती में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया एवं पुलिस निरीक्षक सिमरिया के नेतृत्व में की गई।जानकारी के तहत चानो गांव निवासी बहादुर गंझू (28) एवं सत्यदेव गंझू (45) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं तथा भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।छापेमारी दल में लावालौंग थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा, पु०अ०नि० विधायक प्रसाद यादव तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि अवैध अफीम की खेती को लेकर क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफीम की अवैध खेती से दूर रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्टर मो0 साजिद
