
चतरा हंटरगंज-प्रतापपुर मुख्य मार्ग पर गेंजना मोड़ के समीप संध्याकाल एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ गेंजना पंचायत के मुखिया पति प्रभु भारती ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही हंटरगंज पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि एक व्यक्ति की घटना स्थल पर मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल था। जिसे अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई,मृतक युवक प्रतापपुर के लिपदा गांव के पंकज कुमार और रंजन कुमार बताये जा रहे हैं। दुर्घटना बाइक के अनियंत्रित होकर पुल के रेलिंग से टकरा जाने के कारण घटा। दोनों युवक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर प्रतापपुर से हंटरगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गेंजना पुल पर उनका बाइक और नियंत्रित हो गया और पुल के रेलिंग से जा टकराया।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर रखे बालू के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर फैली सामग्री को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। दोनों को गंभीर अवस्था में पांडेपुरा पिकेट के पुलिस के द्वारा हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों से संपर्क करने में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
संवाददाता,प्रवीण सिंह
