
Chatra : झारखंड के चतरा जिले से इस वक्त एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। सिमरिया थाना क्षेत्र के शिला ओपी पिकेट में तैनात एसएसबी (SSB) के एक जवान ने खुदकुशी कर ली है। बीती रात करीब 10 बजे जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा कैंप और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक जवान की पहचान देवघर जिले के महतोडीह गांव निवासी प्रह्लाद कुमार सिंह के रूप में की गई है। प्रह्लाद एसएसबी की 35वीं बटालियन में तैनात थे और वर्तमान में सिमरिया के शिला पिकेट पर उनकी ड्यूटी लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के सन्नाटे में अचानक गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद साथी जवान मौके पर पहुंचे तो प्रह्लाद खून से लथपथ पड़े थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी और एसएसबी कमांडेंट देर रात ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस और विभाग आपसी कलह या मानसिक तनाव जैसे हर पहलू पर सघन जांच कर रही है।
संवाददाता : प्रवीण कुमार सिंह
