
चतरा : जिले के केशरी चौक स्थित हनुमान मंदिर में सहारा परिवार द्वारा हनुमान चालीसा एवं बजरंग बाण पाठ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामले के शीघ्र निष्पादन की कामना करना था।
कार्यक्रम के दौरान सहारा परिवार के सदस्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सामूहिक पाठ किया और न्याय की प्रार्थना की। बताया गया कि सहारा से जुड़ा मामला पिछले 14 वर्षों से सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है, जिसके कारण लाखों लोग प्रभावित हैं।
सहारा परिवार के अनुसार, इस लंबित मामले के चलते करीब 22 लाख कार्यकर्ताओं का रोजगार प्रभावित हुआ है, जबकि लगभग 13 करोड़ लोगों का भुगतान अब तक अटका हुआ है। इसके कारण कई परिवारों के सामने बच्चों की पढ़ाई, शादी-विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी बाधित हो रहे हैं। इस आयोजन का नेतृत्व इटखोरी शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन न्याय की मांग को लेकर एकजुटता का प्रतीक है और सभी सदस्यों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें न्याय मिलेगा।
