
चतरा: सोमवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की चतरा इकाई की कार्यकारिणी बैठक रेड क्रॉस परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम ने की, जबकि संचालन सचिव धर्मेंद्र पाठक ने किया। बैठक के दौरान पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। समीक्षा में बताया गया कि रेड क्रॉस परिसर में वाहनों की सुरक्षा के लिए शेड का निर्माण कराया गया है। साथ ही बरसात में पानी टपकने की समस्या को देखते हुए दुकान संख्या 9, 10 और 11 की छत की मरम्मत कराई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से परिसर में 8 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा चाहरदीवारी पर कंटीले तार लगाने, रक्त जांच के लिए एलाइजा मशीन की स्थापना, ट्यूब शिलर के साथ दो खराब पड़े फ्रिज की मरम्मत जैसे कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में आगे की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि दुर्घटनाग्रस्त ब्लड डोनेशन वैन की मरम्मत कराई जाएगी तथा खराब पड़े जनरेटर को भी जल्द दुरुस्त किया जाएगा। वहीं बारिश के मौसम में दुकानों में पानी भरने की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्लेटफॉर्म निर्माण कराया जाएगा। बैठक में प्राइवेट नर्सिंग होम में ब्लड ले जाने वालों के लिए 200 रुपये के प्रोसेसिंग चार्ज बढ़ाने का निर्णय लिया गया। एक अप्रैल से अब निजी नर्सिंग होम में ब्लड ले जाने वालों को 1050 रुपया का चार्ज देना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त रेड क्रॉस परिसर के ऊपरी तल्ले पर बिना एग्रीमेंट के संचालित दुकान संख्या 4 और 5 के दुकानदारों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस दर्ज करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार वर्मा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय अग्रवाल, कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य संतन पांडेय, पंकज कुमार दुबे, जावेद पप्पू रजा, सत्येंद्र मित्तल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता , प्रवीण कुमार सिंह
