
Chatra : आगामी रामनवमी पर्व को लेकर चतरा शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को शहर के गौरक्षणी परिसर में रामनवमी महा समिति गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से कन्हैया पांडेय को रामनवमी महा समिति का अध्यक्ष तथा पप्पू यादव को महासचिव चुना गया। दोनों के चयन पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी और रामनवमी को भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने रामनवमी पर्व को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। नवनियुक्त अध्यक्ष कन्हैया पांडेय और महासचिव पप्पू यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि इस वर्ष शहर में रामनवमी नशामुक्त वातावरण में मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक संदेश देना भी है। इसलिए सभी अखाड़ा समितियों और युवाओं से अपील की गई है कि वे नशामुक्त रामनवमी मनाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि रामनवमी के अवसर पर शहर को भगवा ध्वजों से सजाया जाएगा, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और उत्सवमय बनेगा। इसके साथ ही शोभायात्रा और अखाड़ों की प्रस्तुति को लेकर भी तैयारी की जाएगी, ताकि पर्व को भव्य रूप दिया जा सके।बैठक में देवनंदन सोनी, शशिकांत सहाय, गौरी यादव, अजय कसेरा, पिंटू सिंह, जितेंद्र जैन, हिमांशु कुमार ऊर्फ हनी, अमन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
