
चतरा। शहर की तंग गलियों में पानी की प्यास, बिजली की किल्लत और टैक्स की मार से त्रस्त लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का वादा किया अध्यक्ष प्रत्याशी अमन कुमार ने। इभा पैलेस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने घोषणा पत्र जारी कर कहा, “जनता मुझे मौका देगी तो पहली प्राथमिकता आपकी राहत ही होगी। बोर्ड की पहली बैठक में होल्डिंग टैक्स घटाने का प्रस्ताव लाऊंगा। जिन घरों तक पानी नहीं पहुंचा, उनका बकाया शुल्क माफ करवाऊंगा।”अमन ने शहर को रोशन करने का सपना दिखाया। “एक पोल एक बल्ब योजना से हर खंभे पर एलईडी लगेगी, रातें सुरक्षित होंगी। 22 वार्डों में 22 टैंकर योजना से प्यास बुझेगी। 365 दिन साफ-सफाई, पुरानी टैक्स रसीद पर पीएम आवास का लाभ—ये सब होगा।” स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 50 हजार तक का सस्ता लोन, महिला समूहों को बोनस और संवेदनशील जगहों पर सीसीटीवी लगाने का ऐलान किया।”हर रोज जनता दरबार लगाऊंगा, आपकी आवाज सीधे सुनेगा,” उन्होंने भावुक होकर कहा। चतरा की जनता विकास और पारदर्शिता के इस वादे पर भरोसा जताएगी, ये उनका विश्वास है। नगर चुनाव में ये घोषणा पत्र गूंज बन सकता है।


