
चतरा। हजारीबाग के विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की नृशंस हत्या के मामले में चतरा झामुमो ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने प्रेस वार्ता कर भाजपा के ‘चाल-चरित्र’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस घटना पर भाजपा सांप्रदायिक राजनीति कर रही थी, उसका मुख्य आरोपी भाजपा नेता भीम राम ही निकला। झामुमो जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन ने कहा कि भाजपा केवल जाति-धर्म की लड़ाई और विकास विहीन राजनीति करना जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ भाजपा महिला सशक्तिकरण का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ उनके नेता बलात्कार और हत्या जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। ज्ञासेन ने हजारीबाग पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हेमंत सरकार ऐसे दरिंदों को फांसी की सजा दिलाने के लिए कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, ताकि समाज में ऐसी पुनरावृत्ति न हो।
समुदाता,प्रवीण कुमार सिंह
