
Chatra : कान्हाचट्टी प्रखंड के जर्मी-बक्सपुर पंचायत अंतर्गत बकोइया गांव में बन रही पीसीसी सड़क निर्माण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाते हुए विरोध जताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया बालू, कम सीमेंट और कम छरी का उपयोग किया जा रहा है। स्थिति यह है कि जहां एक ओर सड़क की ढलाई आगे की ओर की जा रही है, वहीं पीछे का हिस्सा टूटता नजर आ रहा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से सड़क की मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित होगी तथा सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है। इसको लेकर गांव में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले को और गंभीर बनाते हुए ग्रामीणों ने जीएसबी (GSB) कार्य में भी अनियमितता का आरोप लगाया है। जानकारों के अनुसार, जीएसबी कार्य में 60% स्टोन एग्रीगेट और 40% मोरंग/डस्ट का उपयोग होना अनिवार्य है, लेकिन यहां केवल 20 से 25 प्रतिशत स्टोन ही डाला जा रहा है, जो मानकों के विपरीत है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यस्थल पर विभाग के अभियंता की अनुपस्थिति के कारण संवेदक मनमाने तरीके से काम कर रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
