
Chatra : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), सावित्री बाई फुले योजना, आंगनबाड़ी सेवाओं एवं पोषण कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को इस माह के भीतर निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने का स्पष्ट निर्देश दिया।साथ ही सावित्री बाई फुले योजना के अंतर्गत 18-19 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र युवतियों के लंबित आवेदनों को सीडीपीओ लॉगिन के माध्यम से शीघ्र स्वीकृत करने तथा आगामी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक आवेदन प्राप्त करने को कहा। उन्होंने लगातार असंतोषजनक कार्य करने वाली सेविकाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए तीन बार चेतावनी के उपरांत चयनमुक्त करने की प्रक्रिया अपनाने को कहा। इसके अतिरिक्त ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस की उपलब्धता की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए। PMMVY योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों को लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र पोर्टल पर अपलोड कर अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। जिले में कर्मियों की कमी को देखते हुए प्रत्येक परियोजना में इंटर्नशिप के माध्यम से 5-5 कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण उपरांत कार्ययोजना के अनुसार कार्य संपादन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए लाभुकों को अस्पताल से डिस्चार्ज के समय ही प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री अमरेंद्र कुमार सिन्हा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती रेणु रवि, जिला शिक्षा पदाधिकारी, NREP, PHED, जिला क्षेत्रीय प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
