
चतरा: हंटरगंज पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार अभियुक्त विष्णु गंझु (पिता- मोहन गंझु) जोरी वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कोलवा गांव का रहने वाला है. एसपी सुमित अग्रवाल के निर्देश पर कौलेश्वरी हटवारिया के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान अपाचची बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, पुलिस को देखते ही दोनों युवक बाइक छोड़कर भागने लगे. पीछा करने के क्रम में एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया. जबकि दूसरा युवक पैर में शीशा लगने के कारण पकड़ा गया. पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बाइक चोरी की है और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाया जा रहा था. मामले में हंटरगंज थाना कांड संख्या 41/2026 के तहत धारा 317(2)/317(5)/3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. छापामारी अभियान में थाना प्रभारी प्रभात कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय महतो व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
