
Chatra News : लावालौंग प्रखंड क्षेत्र के सहायक अध्यापकों ( गुरुजन) ने एक बार फिर आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है। झारखंड आकलन पास एवं प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघ के बैनर तले लावालौंग में लगातार बैठकें कर आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है।जिसमें संघ के वरीय पदाधिकारी सह सहायक अध्यापक उपस्थित हुए। इस दौरान प्रखंड उपाध्यक्ष जागेश्वर महतो एवं अशोक ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड की वर्तमान सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। सरकार ने वादा किया था कि सहायक अध्यापकों को स्थायी करते हुए वेतनमान दिया जाएगा,लेकिन आज हम सभी गुरुजन ठगी महसूस कर रहे हैं।अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।शिक्षकों ने यह भी बताया कि मानदेय बढ़ाने को लेकर भी केवल आश्वासन ही मिला है। जबकि वर्षों बीत जाने के बाद भी इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। सरकार की इस कथित वादाखिलाफी से नाराज हम शिक्षक अब आंदोलन को मजबूर हैं।संघ के पदाधिकारियों ने सभी सहायक अध्यापकों से अपील की है कि 18 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाएं। बैठक में ब्रजेश कुमार यादव,संजय साव,संतोष पांडेय, रंजन यादव,सतेंद्र राम,दिलीप साव, सरबजीत गंझु समेत अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
