
कान्हाचट्टी/चतरा : रामनवमी के पावन अवसर पर कान्हाचट्टी क्षेत्र में भव्य मंगला जुलूस का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में “जय श्रीराम” के नारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंगला जुलूस में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिनमें युवा, महिलाएं और बच्चे बढ़-चढ़कर शामिल हुए। जुलूस विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे कार्यक्रम में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए राजपुर थाना की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जा रहा है। मंगला जुलूस के सफल आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक माहौल और अधिक प्रगाढ़ हो गया है।
