
चतरा जिले से एक ऐसी खबर आई है जो प्रेम, धोखे और दर्दनाक अंत की कहानी बयां करती है। कुंडा थाना क्षेत्र के चिलोई गांव में एक युवती ने अपने प्रेमी को मोबाइल पर वीडियो भेजकर मौत को गले लगा लिया। साल भर से चल रहे प्रेम प्रसंग में जब शादी की बात आई, तो कथित तौर पर प्रेमी के इनकार ने ललिता को इस आत्मघाती कदम की ओर धकेल दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रेमी की बेरुखी ही उनकी बेटी की मौत की वजह बनी है। पूरा मामला कुंडा थाना क्षेत्र के चिलोई गांव का है। मृतका की पहचान कैलाश गंझू की 18 वर्षीय पुत्री ललिता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ललिता का पिछले एक साल से सदर थाना क्षेत्र के बर्मन्ना गांव निवासी दिनेश गंझू के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार की रात करीब 9:30 बजे ललिता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। लेकिन दिल दहला देने वाली बात यह है कि जहर खाने के बाद उसने अपने प्रेमी दिनेश को वीडियो बनाकर भेजा, जिसमें उसने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की बात कही थी। मृतका की मां आरती देवी ने बताया कि जब ललिता ने जहर खाकर वीडियो दिनेश को भेजा, तब दिनेश ने ललिता के बड़े भाई तुलसी गंझू को फोन कर इसकी जानकारी दी। आनन-फानन में परिजन ललिता के कमरे की ओर दौड़े, जहाँ वह अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजनों ने तुरंत गांव से एक निजी वाहन बुक किया और उसे चतरा सदर अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन जहर का असर इतना गहरा था कि अस्पताल की दहलीज तक पहुँचने से पहले ही रास्ते में ललिता की सांसें थम गईं। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरती देवी ने मीडिया से बातचीत के दौरान अंदेशा जताया है कि ललिता शादी का दबाव बना रही थी, लेकिन दिनेश शायद मुकर गया था। इसी मानसिक प्रताड़ना और शादी से इनकार के कारण ललिता ने चुपके से विषपान कर लिया। शोकाकुल मां अब आरोपी प्रेमी दिनेश गंझू के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है। उनका कहना है कि अगर दिनेश ने समय रहते शादी का वादा निभाया होता या उसे उकसाया न होता, तो आज उनकी बेटी जिंदा होती। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल रिकॉर्ड्स की जांच की जा रही है। क्या वाकई यह सिर्फ एकतरफा फैसला था या इसके पीछे प्रेमी का कोई बड़ा दबाव? चतरा पुलिस अब इस प्रेम कहानी के खौफनाक अंत की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
संवाददाता,प्रवीण कुमार सिंह
