
चतरा : जिला मुख्यालय स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में शुक्रवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विशेष रूप से थैलेसीमिया मरीजों के बोन मैरो ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन मां सेवा समिति ट्रस्ट, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, थैलेसीमिक्स इंडिया एवं डी.के.एम.एस. के संयुक्त तत्वावधान में, फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट, गुरुग्राम के सहयोग से किया गया।
इस दौरान जिलेभर से करीब दो दर्जन थैलेसीमिया मरीज पहुंचे। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में परिजन व स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। शिविर में कैंसर एवं विभिन्न रक्त संबंधी गंभीर बीमारियों की जांच की गई।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम—डॉ. परमिंदर पाल सिंह, डॉ. भारती शर्मा तथा थैलेसीमिक्स इंडिया से प्रदीप सिंह और भागवत भावेश—ने मरीजों की जांच करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक परामर्श भी दिया। उन्होंने कैंसर, रक्त रोग और बोन मैरो ट्रांसप्लांट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
शिविर में निःशुल्क एच.एल.ए. टेस्ट (डी.के.एम.एस. द्वारा) भी किया गया, जो बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए अत्यंत आवश्यक माना जाता है। बड़ी संख्या में लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के शिविर का उद्देश्य गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में सभी मरीजों के साथ साथ आगंतुकों को भोजन कराया गया। वहीं जांच शिविर प्रारंभ होने से पूर्व रेड क्रॉस परिवार के द्वारा उपस्थित चिकित्सकों को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रेड क्रॉस के सचिव धर्मेंद्र पाठक, कोषाध्यक्ष गोपाल कुमार वर्मा, एमपीडब्ल्यू रत्नेश कुमार, निर्भय कुमार, लैब टेक्नीशियन विजय कुमार, देवानंद कुमार, सुमन कुमारी, जीएनएम मधुलता कुमारी, सुप्रिया कुमारी तथा एएनएम जयंती भेलेट तिर्की सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
संवाददाता,प्रवीण कुमार सिंह
