
चतरा। होली का त्योहार आते ही शहर में खुशियों की बहार छा गई। नवनिर्वाचित नगर परिषद चेयरमैन अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई ने खुद को रोक न सके और शहर के कोने-कोने में घूम-घूमकर लोगों के साथ रंगों की मस्ती में शरीक हो गए।सुबह से ही उन्होंने एसपी आवास पर एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के साथ गुलाल लगाई, सदर अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को रंग भरी मुस्कान दी, सदर थाने में पुलिस अफसरों और जांबाज जवानों के गालों पर अबीर पोती। हर जगह चेयरमैन ने आम लोगों समेत सबको होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और रंग-अबीर लगाकर खुशियां बांटीं।इस दौरान बाबू भाई ने अपील की कि सब आपसी भाईचारा, सौहार्द और प्यार से होली मनाएं। उन्होंने कहा, “होली तो बस रंगों का त्योहार नहीं, ये हमें पुराने मतभेद भुलाकर समाज में एकता और सद्भाव की मिसाल पेश करने का पैगाम देती है।” मौके पर मौजूद लोग भी झूम उठे, एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की धूम मचा दी।चतरा में ये होली न सिर्फ रंगों की, बल्कि एकजुटता की भी बनी।
