
चतरा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सदर थाना क्षेत्र के किशनपुर के नारायण बांध टोला की एक 49 वर्षीय महिला, गीता देवी, की महुआ चुनने के दौरान टांगी से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार शाम से लापता महिला का शव देर रात आरोदाना पानुसहि के जंगल से बरामद हुआ है। इस रूह कंपा देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका गीता देवी सोमवार दोपहर करीब 3 बजे महुआ चुनने घर से निकली थीं। जब वे शाम तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने सदर थाना पुलिस के साथ मिलकर पूरी रात जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। रात करीब 1 बजे एक महुआ पेड़ के नीचे गीता देवी का क्षत-विक्षत शव मिला। हत्यारे ने टांगी (कुल्हाड़ी) से उनके गले पर जोरदार प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद हुई है। सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द हत्यारों को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
संवाददाता,प्रवीण कुमार सिंह
