
चतरा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने आज चतरा के नए सिविल सर्जन के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. जगदीश प्रसाद से प्रभार लिया, जिन्हें अब रांची स्थानांतरित किया गया है। पदभार संभालते ही नए सिविल सर्जन ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया है और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया है। पदभार ग्रहण करने के उपरांत मीडिया से मुखातिब होते हुए डॉ. सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. जगदीश प्रसाद के कार्यकाल में जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की जो बेहतर नींव रखी गई है, उसे वे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने जोर देते हुए कहा, मेरी कोशिश होगी कि चतरा की जनता को पहले से भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। अस्पताल में चिकित्सकों की भारी कमी से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए डॉ. सिन्हा ने कहा कि वे इस गंभीर मुद्दे को राज्य सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष रखेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मैनपावर की कमी को दूर करने के लिए स्टेट लेवल पर निरंतर मांग की जाएगी ताकि चतरा सदर अस्पताल सहित दूर-दराज के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को परेशानी न हो। नवनियुक्त सिविल सर्जन ने चतरा की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिले के सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम वर्क के जरिए ही जिले के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। प्रभार ग्रहण के दौरान विभाग के कई अन्य कर्मचारी और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।इस मौके पर उपाधीक्षक डॉक्टर पंकज कुमार रविंद्र कुमार विश्वकर्मा राजेश कुमार अरुण कुमार सिंह ओम प्रकाश पाठक उपस्थित थे
संवाददाता,प्रवीण कुमार सिंह
