
लावालौंग/चतरा । प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कटिया पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अब वह आवास योजना के अधूरे पड़े आवासों को जल्द पूरा कराने को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन भारती ने पंचायत के विभिन्न गांवों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाभुकों से सीधे बातचीत कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा जिन लाभुकों का आवास अब तक अधूरा है, उन्हें शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।बीडीओ ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसके बावजूद कुछ लाभुकों द्वारा राशि प्राप्त करने के बाद भी आवास निर्माण में अनावश्यक देरी की जा रही है, जो गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिन लाभुकों ने अब तक अपना आवास पूरा नहीं किया है, वे जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर लें, अन्यथा ऐसे लाभुकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने निर्माणाधीन आवासों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित लाभुकों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य करने की सलाह दी। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों को भी निर्देश दिया कि वे लाभुकों को आवास निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के लिए प्रेरित करें, ताकि योजना का लाभ समय पर मिल सके।मौके पर कटिया पंचायत के मुखिया पति मिथिलेश चौबे भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर भी लाभुकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है और जिनका आवास अधूरा है उन्हें जल्द पूरा करने के लिए कहा जा रहा है।निरीक्षण के दौरान पंचायत के कई ग्रामीण भी उपस्थित थे। बीडीओ ने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी को योजना से संबंधित कोई समस्या हो तो वे पंचायत या प्रखंड कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके।
*रिपोर्टर मो0 साजिद*
