
Chatra : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में आज उपायुक्त कीर्तिश्री जी एवं पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ा समितियों एवं प्रमुख जुलूस मार्गों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने उन स्थलों का जायजा लिया, जहां से रामनवमी के अवसर पर जुलूस निकाले जाते हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अखाड़ा समितियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने नगर परिषद एवं संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों एवं गश्ती दल के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। आयुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की संयुक्त प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों से अपील किया कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा, थाना प्रभारी चतरा सदर, नगर परिषद के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
