
हजारीबाग से बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दारू अंचल में पदस्थ राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ज्ञानी राम ने एक व्यक्ति से राजस्व संबंधित कार्य के निपटारे के लिए 3,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से की, जिसके बाद टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत ट्रैप लगाया।
जैसे ही ज्ञानी राम ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई है।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने एसीबी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
