
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को पुलिस केंद्र चतरा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उपायुक्त कृतिश्री, पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल और रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव धर्मेन्द्र पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।शिविर की शुरुआत एसपी सुमित अग्रवाल ने स्वयं रक्तदान करके की। उनके साथ एसडीपीओ सिमरिया शुभम खंडेलवाल, टंडवा एसडीपीओ प्रभात कुमार बारवार समेत कुल 26 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने रक्तदान किया।इस अवसर पर डीसी कृतिश्री ने शिविर का निरीक्षण किया और कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है। अगर किसी के रक्तदान से किसी की जान बचती है, तो यह सबसे बड़ा पुण्य कार्य होता है।एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर चतरा पुलिस द्वारा यह सामाजिक पहल की गई है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भी रक्तदान के महत्व को समझें और इसमें भाग लें। उनके अनुसार, रक्तदान से किसी को हानि नहीं होती बल्कि यह मानवता की सेवा का अवसर है।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एसडीपीओ चतरा संदीप सुमन, मेजर रविन्द्र यादव और सार्जेंट प्रफुल्ल पांडेय सहित कई पुलिस अधिकारियों का योगदान रहा।
