
चतरा। चतरा पुलिस ने संघरी घाटी में 3 दिसंबर की देर रात हुए टेम्पू लूटकांड को मात्र 72 घंटे में सफलतापूर्ण उजागर कर एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता साबित की है। पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को गुप्त सूचना प्राप्त होने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने हंटरगंज-जोरी मार्ग पर छापामारी कर लुटेरों को घेरकर गिरफ्तार किया।विदित हो कि शिकायतकर्ता नितेश कुमार यादव ने सदर थाना में बताया कि जब वे प्रतापपुर से चतरा लौट रहे थे, तब मोटरसाइकिल सवार 3-4 अपराधियों ने उनके पियागो टेम्पू (वाहन संख्या JH02AC-9878) को लूट लिया। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। सदर थाना में कांड संख्या 389/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस ने भुइयाँडीह गांव के पास घात लगाकर आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके की नजाकत को भांपते हुए रणनीति बनाई। छापामारी में लूटा हुआ टेम्पू, दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें (होंडा साइन और होंडा लीवो) बरामद हुईं। गिरफ्तार चारों अपराधियों में से बिरजू कुमार गया जिले का रहने वाला शातिर अपराधी है, जो मामले में अंतरराज्यीय कनेक्शन को दर्शाता है। अन्य तीन अपराधी – विशाल पांडेय, कमलेश कुमार, और चंदन कुमार चतरा जिले के ही निवासी हैं।सभी आरोपियों को पुलिस ने कड़ी पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल ने बताया कि इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों की मनोबल टूटेगा और सुरक्षा व्यवस्था और भी मजबूत होगी।यह घटना चतरा पुलिस की दक्षता और त्वरित कार्रवाई की मिसाल साबित हुई है, जो नागरिकों को सुरक्षित महसूस कराने में अहम भूमिका निभा रही है।
