
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र में ठगी की एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लावालौंग मुख्य चौक स्थित जनता इलेक्ट्रिक नामक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में एक अज्ञात व्यक्ति ने सुनियोजित तरीके से दुकानदार को झांसे में लेकर 20 हजार रुपये नकद तथा एक टेंपू चालक का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब एक अज्ञात व्यक्ति इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने के बहाने जनता इलेक्ट्रिक दुकान पर पहुंचा। आरोपी ने खुद को आत्मविश्वास से भरा दिखाते हुए दुकानदार से बातचीत की और करीब 50 से 60 हजार रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान का चयन किया। भुगतान की बात आने पर उसने खुद को एक टेंपू चालक का भाई बताया।आरोपी ने दुकानदार को विश्वास में लेते हुए कहा कि टेंपू चालक उसका भाई है और वही सामान लोड कर रहा है। इसी दौरान उसने दुकानदार से 20 हजार रुपये नकद यह कहकर ले लिए कि वह तुरंत फोन-पे के माध्यम से पूरे सामान का भुगतान कर देगा।इसके बाद आरोपी ने टेंपू चालक से यह कहकर उसका मोबाइल फोन ले लिया कि उसका फोन बंद हो गया है और वह कॉल कर चावल लेने जा रहा है, कुछ ही देर में वापस लौट आएगा। विश्वास में आए दुकानदार ने न सिर्फ 20 हजार रुपये नकद दिए, बल्कि आरोपी के कहने पर टेंपू चालक का मोबाइल फोन भी उसे सौंप दिया।काफी देर बीत जाने के बावजूद जब आरोपी वापस नहीं लौटा और संपर्क करने पर उसका फोन बंद मिला, तब दुकानदार और टेंपू चालक को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद दुकान के बगल में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां कैद पाई गई हैं। हालांकि फुटेज में चेहरा स्पष्ट नजर आ रहा है, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
