
Chatra : लावालोंग प्रखंड क्षेत्र के कटिया पंचायत स्थित टुनगुन गांव में मंगलवार को धान अधिग्रहण केंद्र का उद्घाटन किया गया।उद्घाटन का कार्य बीडीओ विपिन कुमार भारती, जिला सहकारिता पदाधिकारी मदन कुमार एवं पंचायत की मुखिया मिसी देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान पैक्स अध्यक्ष कैलाश साहू ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य के तहत किसानों से धान की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान के बदले किसानों को 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और बिचौलियों से भी राहत मिलेगी। कार्यक्रम में मौके पर मुखिया प्रतिनिधि मिथलेश चौबे,सूरज साहू,शंकर साहू, संतोष साहू,बाबूलाल यादव, अरविंद नंद कश्यप,पप्पू कुमार, सागर साहू,किसान दामोदर साहू समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे। उपस्थित किसानों ने अधिग्रहण केंद्र खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा उन्हें सीधा लाभ मिलेगा। उद्घाटन के बाद केंद्र पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
रिपोर्टर मो0 साजिद
