
लावालौंग: चतरा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चतरा के माननीय सचिव महोदय के निर्देशानुसार लावालौंग प्रखंड माँधनिया पंचायत के ग्राम होशिर में बृहस्पतिवार को एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन अधिकार मित्र पीएलवी जनेश कुमार यादव एवं अभिषेक कुमार ठाकुर द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में ग्रामीणों को उनके मौलिक अधिकारों एवं विधिक प्रावधानों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि हर नागरिक को कानून द्वारा समान अधिकार और न्याय पाने का अवसर प्राप्त है। “उसका हक, उसकी ताकत, समानता से सम्मान, नन्हे कदम बड़ा न्याय, बचपन सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित, बाधाओं से परे अधिकार हमारे, बुजुर्गों का सहारा कानून का किनारा, जंगल जमीन और न्याय, न्याय के संग नए सवेरे की ओर, न्याय का नया युग” जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।पीएलवी साथियों ने ग्रामीणों को यह जानकारी भी दी कि यदि किसी व्यक्ति को कानूनी सहायता की आवश्यकता हो तो वह सीधे राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर संपर्क कर सकता है। इस नंबर पर निःशुल्क परामर्श एवं सहायता उपलब्ध है।ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि कानूनी सहायता केवल मुकदमों तक सीमित नहीं है, बल्कि घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज, बाल श्रम, वृद्धजनों के अधिकार, भूमि विवाद एवं अन्य कई सामाजिक-आर्थिक समस्याओं से संबंधित मामलों में भी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे। उपस्थित ग्रामीणों ने विधिक सेवा प्राधिकरण के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से गाँव के लोगों में जागरूकता बढ़ती है तथा वे अपने अधिकारों को समझने और उपयोग करने में सक्षम हो पाते हैं।शिविर का संचालन पीएलवी अभिषेक कुमार ठाकुर एवं जनेश कुमार यादव ने किया।
रिपोर्टर मो० साजिद
