
कान्हाचट्टी (चतरा)। राजपुर थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 35 वर्षीय संतोष भुइन्या गंभीर रूप से घायल हो गया। संतोष, जो भुनेश्वर भुईन्या का पुत्र है, खेत में धान का बोझा बांधने गया था। इसी दौरान वह 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया।घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत संतोष को करंट की चपेट से छुड़ाया, लेकिन उसके दोनों पैर बुरी तरह से झुलस गए। बताया जाता है कि बिजली का करंट इतना तेज था कि घायल के पैर की हड्डी तक दिखाई देने लगी।ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे आनन-फानन में कान्हाचट्टी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चतरा सदर अस्पताल रेफर किया, और वहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया गया।घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तुरंत कार्रवाई और सुरक्षा उपायों की मांग की है।
कान्हाचट्टी संवाददाता,नितेश कुमार सिंह
