
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी उप निर्वाचन पदाधिकारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और हेल्प डेस्क मैनेजरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली।उन्होंने कहा कि मतदाताओं को कम से कम दस्तावेज जमा करने पड़ें, इसके लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्तमान सूची की पैतृक मैपिंग का कार्य शीघ्र और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएँ, जिनमें सभी बूथ लेवल अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहें।के. रवि कुमार ने कहा कि बीएलओ द्वारा भौतिक रूप से सत्यापित मतदाताओं का विवरण बीएलओ ऐप पर सौ प्रतिशत दर्ज किया जाए ताकि डिजिटल मैपिंग के माध्यम से सटीक डेटा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कैंप स्थलों पर हाई-स्पीड इंटरनेट और पर्याप्त कंप्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर उन्होंने ECINET पर उपलब्ध “बुक ए कॉल विथ बीएलओ” सुविधा की समीक्षा करते हुए पाया कि इस पर राज्यों में बीएलओ का रिस्पॉन्स अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने कहा कि इस ऑनलाइन सुविधा का व्यापक प्रचार किया जाए और मतदाताओं की कॉल पर शीघ्र कार्रवाई की जाए।समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार और सभी जिलों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।
