
चतरा: सदर थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट से जुड़े तीन अलग-अलग कांडों में वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस ने विधिवत रूप से ईश्तेहार तामील किया है। अभियुक्तों को उनके निवास पर स्थानीय लोगों के समक्ष, पुलिस बल एवं चौकीदार के साथ अदालत के आदेश की सूचना दी गई और न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया। पुलिस के अनुसार, सदर थाना कांड संख्या 117/2024, दिनांक 14 मार्च 2024 में धारा 8, 15, 18, 22, 27(a), 29 एवं 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियुक्त संजय यादव उर्फ टुनी यादव, पुत्र स्व. लखन यादव, निवासी सिरम, बजरमरी बरैनी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसी प्रकार कांड संख्या 313/2021, दिनांक 22 नवंबर 2021 में धारा 18, 25, 27(a) एवं 29 के तहत लालू गंझु, पुत्र खीरू गंझु, निवासी कदले, तिलैया के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। तीसरे कांड संख्या 379/2024, दिनांक 13 दिसंबर 2024 में धारा 8, 27(a), 28, 29 एवं 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत परमेश्वर गंझु, पुत्र भुनेश्वर गंझु, किशोरी गंझु, पुत्र खिरु गंझु, दोनों निवासी कदले, तथा बिनोद कुमार, पुत्र पुनाई गंझु, निवासी पटेर को अभियुक्त बनाया गया है। सभी अभियुक्त सदर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि कांड अनुसंधान के क्रम में इन अभियुक्तों के विरुद्ध वारंट भी तामील किया गया था और उन्हें माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया गया था। लेकिन अभियुक्तों ने अदालत में हाजिर होकर आत्मसमर्पण नहीं किया। इसके बाद माननीय न्यायालय, चतरा द्वारा उनके विरुद्ध ईश्तेहार जारी किया गया। ईश्तेहार तामील के दौरान एनडीपीएस थाना प्रभारी पु0 अ0 नि0 शमी अंसारी के नेतृत्व में सदर थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार मौजूद रहे। पुलिस ने अभियुक्तों को स्पष्ट रूप से चेताया है कि वे शीघ्र न्यायालय में आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
