
Chatra : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT), चतरा श्री रवि आनंद की अध्यक्षता में डीएमएफटी शासी परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक के प्रारंभ में उपस्थित अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद, चतरा लोकसभा क्षेत्र कालीचरण सिंह, विधायक सिमरिया उज्ज्वल कुमार दास, विधायक चतरा श्री जनार्दन पासवान, विधायक बड़कागांव श्री रोशन लाल चौधरी एवं सांसद, हजारीबाग के प्रतिनिधि श्री रविन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा के बाद खनन प्रभावित क्षेत्रों में जनोपयोगी एवं विकासात्मक कार्यों से संबंधित ग्राम सभा से चयनित एवं डीएमएफटी की प्रबंधकीय समिति से पारित योजनाओं को शासी परिषद द्वारा अनुमोदित किया गया। इसके साथ ही पूर्व से डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को किया जाएगा सुदृढ़
अनुमोदित कार्ययोजना में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत 50-बेड डायलिसिस सेंटर, सेंट्रल डायग्नोस्टिक लैब एवं ब्लड कंपोनेंट यूनिट जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के साथ स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत संरचना एवं सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 05 नई एंबुलेंस की व्यवस्था सहित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को विकसित करने से संबंधित कार्य भी शामिल किए गए हैं।
महिला एवं बाल विकास पर विशेष जोर
महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से युक्त करने, नवजात शिशुओं एवं धात्री माताओं के लिए आवश्यक किट उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने से संबंधित योजनाओं को कार्ययोजना में शामिल किया गया है। महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य एवं सुरक्षा किट, स्वच्छता संबंधी सुविधाएं तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी गई है।
कृषि एवं ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा
ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए जलवायु अनुकूल कृषि, पॉलीहाउस, मिनी कोल्ड स्टोरेज एवं जैविक खेती से संबंधित कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया गया है। कृषकों के प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से बेकरी, गुड़ निर्माण, पेपर बैग एवं साबुन निर्माण, चप्पल निर्माण, मधुमक्खी पालन एवं मशरूम उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने संबंधी योजनाओं को भी शामिल किया गया है।
पेयजल एवं जल संरक्षण पर विशेष ध्यान
ग्रामीण एवं खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया गया है। विद्यालयों में पेयजल सुविधा, जल संरक्षण एवं संचयन से संबंधित कार्यों के साथ तालाबों के जीर्णोद्धार एवं गहरीकरण तथा आवश्यकता के अनुसार चेकडैम निर्माण जैसे कार्यों को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है। स्वच्छता एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामुदायिक शौचालय तथा बायोगैस एवं बायो-फर्टिलाइजर से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई है।
PVTG परिवारों एवं दिव्यांगजनों के कल्याण पर फोकस
जिले की बिरहोर एवं PVTG बहुल पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके तहत आवास, पेयजल, सड़क एवं विद्युतीकरण जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा सामुदायिक सुविधाओं के विकास से संबंधित योजनाएं शामिल की गई हैं। वहीं दिव्यांगजनों की सुविधा एवं सशक्तिकरण के लिए आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने से संबंधित योजनाओं को भी कार्ययोजना में शामिल किया गया है।
पर्यावरण, पर्यटन, खेल एवं युवा सशक्तिकरण को भी प्राथमिकता
बैठक में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन संवर्धन, खेल आधारभूत संरचना, युवा सशक्तिकरण एवं नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न विकासात्मक एवं जनोपयोगी योजनाओं को भी अनुमोदित किया गया।
उपायुक्त-सह-अध्यक्ष रवि आनंद ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को प्रशासनिक स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से खनन प्रभावित क्षेत्रों एवं संबंधित लाभुकों तक पहुंचाने पर जोर दिया। पूर्व से संचालित डीएमएफटी योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी मुकेश कुमार, माननीय विधायक सिमरिया उज्जवल कुमार दास, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग, विधायक प्रतिनिधि बड़कागांव सभी कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
