
चतरा: सिमरिया पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी चोरी की घटना का उद्भेदन किया। सिमरिया-बगरा रोड पर बन्हे गांव के पास स्थित एक गुमटी में रात के अंधेरे में चोरी कर रहे गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। चोरी का माल लदे पिकअप वैन (जेएच 13 ए 5244) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश कुमार (पिता विनोद दांगी) के रूप में हुई है, जो चतरा सदर थाना क्षेत्र के कसियाडीह गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक वोल्टास फ्रिज, कोल्ड ड्रिंक, कुरकुरे समेत दुकान का अन्य सामान और ताला तोड़ने में इस्तेमाल सब्बल बरामद किया।
चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सिमरिया थाना परिसर में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 26 सितंबर की रात 1:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर बनी छापामारी टीम ने हर्षनाथपुर रोड पर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। वाहन में चोरी का सामान लदा मिला। पूछताछ में नरेश ने चोरी स्वीकार की और दो साथियों अजय यादव व घनश्याम यादव (दोनों चंगेर निवासी) के शामिल होने की बात कही, जो फरार हैं।
सिमरिया थाना में कांड संख्या 162/26 दर्ज कर गिरफ्तार को जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। टीम में थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता, एएसआइ दिलीप रजक व जिला बल के जवान शामिल थे।
